11वां देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2, 3 और 4 अक्टूबर को, कई चर्चित सिने कलाकार होंगे शामिल

देहरादून। देहरादून में सिनेमा, कला और प्रतिभा का उत्सव एक बार फिर लौटने जा रहा है। 11वां देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आगामी 2, 3 और 4 अक्टूबर 2026 को देहरादून के सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स और तुलाज यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस फिल्म फेस्टिवल में फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ सिनेमा जगत से जुड़े कलाकारों के साथ संवाद, टॉक शो और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
फिल्म फेस्टिवल की इस वर्ष की सबसे बड़ी खासियत देश और टेलीविजन जगत के कई चर्चित कलाकारों की मौजूदगी होगी। फेस्टिवल में मुकेश ऋषि, दीपक पराशर, हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान तेजवानी, अर्जुन और राजन मोदी सहित कई सिने कलाकार देहरादून पहुंचेंगे। इन कलाकारों की मौजूदगी से फिल्म फेस्टिवल में सिनेमा प्रेमियों और युवाओं को अपने पसंदीदा कलाकारों से रूबरू होने और उनके साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा।
फेस्टिवल के आयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी देश के कलाकार फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कई जाने-माने कलाकारों की सहभागिता से फेस्टिवल को और व्यापक स्वरूप मिलेगा। कलाकार दर्शकों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे तथा अपने फिल्मी सफर, अभिनय और सिनेमा से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।
उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को फेस्टिवल का पहला शो विशेष रूप से नेत्रहीन छात्रों के लिए समर्पित रहेगा। इस अवसर पर नेत्रहीन छात्रों के लिए ‘जॉली एलएलबी 3’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। सक्षम डिसेबिलिटी के सहयोग से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य नेत्रहीन छात्रों को भी सिनेमा के इस उत्सव से जोड़ना और उन्हें एक विशेष सिनेमाई अनुभव प्रदान करना है।
3 अक्टूबर को तुलाज यूनिवर्सिटी में फिल्मों की स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। इस दौरान फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने वाले सिने कलाकार विद्यार्थियों से रूबरू होंगे और फिल्म निर्माण, अभिनय तथा सिनेमा जगत से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। यह कार्यक्रम फिल्म, मीडिया और क्रिएटिव क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहेगा।
वहीं 2, 3 और 4 अक्टूबर को सिल्वर सिटी में टॉक शो आयोजित किए जाएंगे, जिनमें फिल्म और टेलीविजन जगत से जुड़े कलाकार एवं विशेषज्ञ दर्शकों से संवाद करेंगे। इन टॉक शोज के माध्यम से दर्शकों और युवाओं को फिल्म उद्योग के विभिन्न पहलुओं को करीब से समझने तथा कलाकारों के अनुभव सुनने का अवसर मिलेगा।
फिल्म फेस्टिवल के दौरान उत्तराखंड टैलेंट हंट भी विशेष आकर्षण रहेगा। इसमें उत्तराखंड के प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। डांसिंग, एक्टिंग, पोएट्री, मिमिक्री और सिंगिंग सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे। टैलेंट हंट के माध्यम से आयोजकों का उद्देश्य प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें फिल्म एवं मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें आगे आने वाली परियोजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलने की संभावना है।
आयोजक राजेश शर्मा ने कहा कि देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य केवल फिल्मों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि सिनेमा, कलाकारों, युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को एक साझा मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चर्चित सिने कलाकारों की मौजूदगी, विशेष स्क्रीनिंग, टॉक शो और उत्तराखंड टैलेंट हंट के माध्यम से फेस्टिवल को और अधिक व्यापक बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म फेस्टिवल के माध्यम से देहरादून को देश के प्रमुख फिल्म एवं सांस्कृतिक आयोजनों के मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने तथा उत्तराखंड की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है।



