हरिद्वार में 21-22 नवंबर को होगी बीजेपी कार्यसमिति की बैठक

2027 के चुनावी रोडमैप पर होगा मंथन
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें चुनावी रणनीति और संगठन की आगामी कार्ययोजना तय की जाएगी। साथ ही चुनावी रोडमैप पर मंथन किया जाएगा।
उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। पार्टी अब संगठन को चुनावी मोड में लाने के साथ ही आगामी कार्यक्रमों और अलग-अलग मोर्चों की जिम्मेदारियां तय करने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में बीजेपी की दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति 21 और 22 नवंबर को कुंभनगरी हरिद्वार में आयोजित होने जा रही है।
इस बैठक में प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत संगठन के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यसमिति में अब तक हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगे की कार्ययोजना और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि चुनाव से पहले संगठन के सभी स्तरों को सक्रिय करते हुए आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार किया जाए।
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की शुरुआत 21 नवंबर को होगी। पहले दिन पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें अब तक संपन्न हो चुके और वर्तमान में संचालित सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आने वाले समय में पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी। बैठक का एक प्रमुख एजेंडा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां और संगठन की भूमिका तय करना होगा। पार्टी के विभिन्न मोर्चों को चुनाव से पहले किस तरह सक्रिय किया जाए, उनकी जिम्मेदारियां क्या हों और जनता के बीच संगठन की गतिविधियों को किस तरह बढ़ाया जाए, इन विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके अलावा 21 नवंबर की शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में तैयार होने वाली कार्ययोजना को अगले दिन होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति के सामने रखा जाएगा।
दूसरे दिन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, बड़े नेताओं की रहेगी मौजूदगी
कार्यसमिति के दूसरे दिन यानी 22 नवंबर को बीजेपी की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक आयोजित होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में तय किए गए आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। इन नेताओं की मौजूदगी में संगठन की आगामी गतिविधियों, चुनावी तैयारियों और प्रदेश स्तर पर पार्टी की रणनीति को लेकर दिशा तय की जाएगीय।
खास बात ये है कि इस कार्यसमिति में केवल आगामी कार्यक्रमों की औपचारिक घोषणा तक चर्चा सीमित नहीं रहेगी। बल्कि, 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों को भी अंतिम रूप देने की कोशिश होगी। बीजेपी के लिए यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है। क्योंकि, विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय बचा नहीं है और पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है।
मसूरी में 15 नवंबर से बैठक, दिसंबर के कार्यक्रमों की बनेगी रूपरेखा
हरिद्वार में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति से पहले बीजेपी नेतृत्व मसूरी में भी एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहा है। 15 नवंबर से प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में दिसंबर महीने के सांगठनिक और चुनावी तैयारियों से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
इसके साथ ही प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को भी बैठक में बुलाया गया है। इसमें दिसंबर महीने में पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों, संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा होगी। इन कार्यक्रमों को किस स्तर पर और किस तरह संचालित किया जाएगा, इस पर भी सहमति बनाई जाएगी।
“मसूरी की बैठक में दिसंबर महीने के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद हरिद्वार में होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में संगठन की व्यापक कार्ययोजना और 2027 के चुनावी रोडमैप पर मुहर लगेगी। इस तरह नवंबर में होने वाली दोनों महत्वपूर्ण बैठकों के जरिए बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।”- मनवीर सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी



