DehradunUttarakhand

गो तस्करों के साथ मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दूसरा फरार

रुड़की। हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में मंगलवार की देर रात पुलिस और गो-तस्कर के बीच मुठभेड़ होने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में पुलिस टीम ने पकड़ लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायल आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पर गो-तस्करी और गोकशी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप हैं।
भगवानपुर कोतवाली पुलिस द्वारा 10 नवंबर मंगलवार की देर रात क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के सिकरोड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर तत्काल पुलिस टीम ने इलाके में पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी छोटू अपने साथी ‘कालू’ का इंतजार कर रहा था। उसके पहुंचने के बाद गोकशी की घटना को अंजाम देने की योजना थी।
इसी दौरान पुलिस टीम और आरोपी का आमना-सामना हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस से बचने और मौके से फरार होने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद मुठभेड़ की स्थिति बन गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे तत्काल कब्जे में ले लिया, जिसके बाद घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उसका उपचार जारी है।
वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पर पूरे मामले की बारीकी से जांच की है। आरोपी के फरार बताए जा रहे साथी कालू की तलाश में भी पुलिस टीमों को लगाया गया है। उधर, घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, उसके नेटवर्क और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी देहात ने क्या कहा: एसपी देहात अभय सिंह ने जानकारी दी कि-
पुलिस की कार्रवाई में गो तस्करी के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके फरार साथी कालू की तलाश समेत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
-अभय सिंह, एसपी, हरिद्वार देहात-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button