DehradunUttarakhand

बहादराबाद केयर कॉलेज में छात्रों का हंगामा, फीस वापसी को लेकर पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में भी नहीं निकला समाधान

बहादराबाद (हरिद्वार)। बहादराबाद क्षेत्र के रोहालकी स्थित नर्सिंग केयर कॉलेज में मंगलवार को छात्रों और कॉलेज प्रबंधन के बीच फीस वापसी को लेकर जमकर नोकझोंक हुई। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बावजूद देर शाम तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में प्रवेश के दौरान प्रबंधन की ओर से बताया गया था कि संस्थान को आईएनसी (इंडियन नर्सिंग काउंसिल) से मान्यता प्राप्त है। लेकिन बाद में जानकारी मिली कि कॉलेज को उक्त मान्यता प्राप्त नहीं है। इसे लेकर छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्र पिछले कई दिनों से कॉलेज परिसर के बाहर धरने पर बैठे हैं और लगातार अपनी जमा फीस वापस करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रहा है और फीस लौटाने में आनाकानी कर रहा है। साथ ही आरोप लगाया कि प्रबंधन की ओर से उन्हें दबाव में लेने, डराने और धमकाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार सचिन कुमार, सीओ संजय चौहान तथा बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराने का प्रयास किया। काफी देर चली बातचीत के बावजूद छात्रों और कॉलेज प्रबंधन के बीच सहमति नहीं बन सकी। इस दौरान कॉलेज प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठे। छात्रों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ता कवरेज के लिए कॉलेज परिसर में प्रवेश कर रहे पत्रकारों और ग्रामीणों के साथ गेट पर अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी फीस शीघ्र वापस नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button