DehradunUttarakhand

ओलंपस हाई ने देशभक्ति के उत्साह और सांस्कृतिक वैभव के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

देहरादून : ओलंपस हाई ने स्कूल परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के उत्साह और उमंग के साथ मनाया।कार्यक्रम में स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. कुनाल शमशेर मल्ला, डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. अनुराधा पुंडीर मल्ला, उप-प्रधानाचार्या अर्चना सहित स्कूल के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ डॉ. कुनाल शमशेर मल्ला और डॉ. अनुराधा पुंडीर मल्ला द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के हेड बॉय और हेड गर्ल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देशभक्ति की भावना और राष्ट्र के प्रति युवा पीढ़ी की जिम्मेदारियों पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।
इस अवसर पर डॉ. कुनाल शमशेर मल्ला ने विद्यार्थियों को एकता, अखंडता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को एक मजबूत और उज्ज्वल भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए रंगोली, पेपर बैग मेकिंग, ब्रेसलेट मेकिंग और स्लोगन राइटिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण इंटर-हाउस फोक फ्यूजन डांस प्रतियोगिता रही, जिसमें पारंपरिक लोक नृत्य और आधुनिक क्षेत्रीय पॉप के खूबसूरत संगम के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता का निर्णयन मन्नी गुसाईं, प्रख्यात कोरियोग्राफर, कलाकार, उद्यमी एवं केओडी तथा मैड डांस स्टूडियो के संस्थापक, और जय सिंह राजपूत, कोरियोग्राफर, क्रिएटिव डायरेक्टर एवं केओडी के सह-संस्थापक, द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों ने देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। यजुर हाउस ने गुजरात की संस्कृति को किनजल दवे के लोक-पॉप गीत विछुड़ो के माध्यम से प्रस्तुत किया, जबकि रिग हाउस ने कच्ची सेरा के माध्यम से तमिलनाडु की संस्कृति को दर्शाया। साम हाउस ने नासो सोटो की प्रस्तुति के जरिए असम की जीवंत लोक संस्कृति और अथर्व हाउस ने रिदम ऑफ सिक्किम थीम के अंतर्गत तिमी नाचा ना के माध्यम से सिक्किम की सांस्कृतिक छटा प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में साम हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अथर्व हाउस और यजुर हाउस ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया।
समारोह के दौरान स्कूल क्वायर द्वारा “तेरा हिमालय” की भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को देशभक्ति और भावनाओं से भर दिया। वहीं, डॉ. कुनाल शमशेर मल्ला ने “आ चल के तुझे मैं लेकर चलूं” गीत की विशेष प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों की ओर से खूब सराहना मिली। डॉ. कुनाल शमशेर मल्ला और डॉ. अनुराधा पुंडीर मल्ला ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी, रचनात्मकता और टीम भावना के लिए बधाई दी तथा चारों सदनों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button