DehradunUttarakhand

14 जून को UKSSSC की भर्ती परीक्षा

अलर्ट पर प्रशासन, जानिये कैसी हैं तैयारियां
रुद्रपुर। 14 जून को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, बायोमैट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और जैमर व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आगामी 14 जून, रविवार को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी नितिन सिंह ने जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कहा परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की गलती क्षम्य नहीं होती है। इसलिए परीक्षा को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक एवं इनविजिलेटर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी सतर्कता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षक परीक्षा से एक दिन पूर्व परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की जांच कर लें। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। आयोग के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त क्षमता वाले जैमर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। परीक्षा शुरू होने से पहले उनकी कार्यक्षमता की जांच भी कर ली जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक सत्यापन और जांच परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में अनिवार्य रूप से की जाए। प्रश्नपत्रों को भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखा जाए। निर्धारित समय पर नियमानुसार खोला जाए।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा केंद्र परिसर में कोई भी व्यक्ति बिना वैध परिचय पत्र के उपस्थित न रहे। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 प्रभावी रहेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां 18,302 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें रुद्रपुर-किच्छा क्षेत्र के 21 केंद्रों पर 7,424, गदरपुर के 15 केंद्रों पर 4,308, बाजपुर के 11 केंद्रों पर 3,516 तथा काशीपुर के 8 केंद्रों पर 3,054 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button