DehradunUttarakhand

लीन सिक्स सिगमा व्हाइट बेल्ट कार्यशाला में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

कोटद्वार । विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में आयोजित दो दिवसीय “AI-Enabled Future-Ready Employability, Career & Research Development, and Institutional Process Excellence through Lean Six Sigma” कार्यशाला के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के दूसरे दिन प्रतिभागियों को समस्याओं को समाधान में परिवर्तित करने तथा संस्थागत प्रक्रियाओं को बेहतर प्रदर्शन में बदलने की अवधारणा के संबंध में जानकारी दी गई। इंटरनेशनल प्रोसेस एक्सीलेंस काउंसिल के रिसोर्स पर्सन दीपक द्विवेदी ने प्रतिभागियों को लीन सिक्स सिगमा के विभिन्न पहलुओं, गुणवत्ता प्रबंधन, प्रक्रिया सुधार तथा कार्यक्षमता बढ़ाने के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने विभिन्न महाविद्यालयों से प्रतिभाग करने वाले प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं को लीन सिक्स सिगमा व्हाइट बेल्ट के प्रमाण-पत्र प्रदान किए। विधानसभा अध्यक्ष ने दो दिवसीय कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों में गुणवत्ता प्रबंधन, प्रक्रियाओं में सुधार, समस्या समाधान तथा आधुनिक प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संबंधी कौशल विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि कोटद्वार के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बायोटेक्नोलॉजी विभाग में एक्सीलेंस प्रोसेसिंग सेल स्थापित की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं प्रक्रिया उत्कृष्टता के क्षेत्र में सीखने और अपने कौशल को विकसित करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार एवं शोध के क्षेत्र में विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल प्रदान करना आवश्यक है। लीन सिक्स सिगमा जैसी प्रशिक्षण पद्धतियां विद्यार्थियों को कार्यप्रणाली को समझने, कमियों की पहचान करने तथा बेहतर परिणाम प्राप्त करने में उपयोगी सिद्ध होंगी। महाविद्यालय को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक विशेष उपलब्धि भी प्राप्त हुई है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार भारत का प्रथम महाविद्यालय बना है, जिसमें बायोटेक्नोलॉजी विभाग, वनस्पति विज्ञान विभाग एवं बी.जे.एम.सी. विभाग के अधिकांश छात्र-छात्राओं ने लीन सिक्स सिगमा व्हाइट बेल्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया। कार्यशाला का आयोजन एवं संचालन महाविद्यालय के आई.क्यू.ए.सी. समन्वयक डॉ. आर.के. द्विवेदी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) डी.एस. नेगी, प्रो. (डॉ.) ज्योति खरे, प्रो. (डॉ.) इंदु तिवारी, डॉ. आर.के. द्विवेदी, डॉ. मोहन कुकरेती, डॉ. संजय मदान, डॉ. सुमन सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्रतिभागी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्राप्त करने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button