आईआईटी रुड़की एवं उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘Women in STEM – Stakeholder Convergence Workshop’ आयोजित;

महिला सहभागिता, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन देने पर जोर
राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किया उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का भ्रमण
देहरादून | उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आज वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देहरादून का भ्रमण किया। इस अवसर पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की एवं विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘Women in STEM – Stakeholder Convergence Workshop’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उनके समक्ष विद्यमान चुनौतियों की पहचान करने तथा इस दिशा में प्रभावी नीतिगत सुझाव तैयार करने पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
यह कार्यशाला नीति आयोग के State Support Mission के अंतर्गत उत्तराखण्ड के Lead Knowledge Institute भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की द्वारा SETU आयोग के मार्गदर्शन में तथा वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित की गई। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य शोध, विशेषज्ञता एवं संस्थागत सहभागिता के माध्यम से राज्य की विकास संबंधी प्राथमिकताओं को दिशा देना तथा महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक एवं साक्ष्य-आधारित नीतिगत सुझाव तैयार करना है।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उत्तराखण्ड शासन के तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर तथा आईआईटी रुड़की के प्रो. अक्षय द्विवेदी सहित विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वरिष्ठ अधिकारीगण, प्राध्यापक, शोधार्थी, प्रतिभागी एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और युवा शक्ति विकसित भारत एवं विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के प्रमुख आधार हैं। महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और स्वावलंबन प्रदान करना केवल सामाजिक समानता का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र की वैज्ञानिक एवं आर्थिक प्रगति के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने विद्यालय स्तर से ही बालिकाओं में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने तथा उच्च शिक्षा के स्तर पर छात्राओं को अनुसंधान, नवाचार, तकनीकी प्रशिक्षण एवं उद्यमिता से जोड़ने पर बल दिया।
राज्यपाल ने उत्तराखण्ड की समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक संसाधनों एवं पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान और अनुसंधान से जोड़ने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय समस्याओं के समाधान के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों से शिक्षा के साथ अनुसंधान, कौशल विकास एवं नवाचार को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। नशामुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा एवं तकनीकी प्रतिभा का उपयोग नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने और प्रभावी डिजिटल समाधान विकसित करने में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बेटी को अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर, प्रत्येक महिला को सम्मान एवं स्वावलंबन और प्रत्येक युवा को उचित दिशा प्रदान करना सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए महिलाओं की समान एवं सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा उनकी क्षमता की कमी नहीं, बल्कि सामाजिक धारणाएँ, मानसिक अवरोध तथा अवसरों एवं उचित मार्गदर्शन का अभाव है। उन्होंने बेटियों को विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया।
अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि शिक्षकों का उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन कठिन विषयों को भी सरल बना सकता है और विद्यार्थियों के जीवन की दिशा बदल सकता है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं, प्रशिक्षण एवं निरंतर मार्गदर्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को निखारने के लिए केवल संसाधन उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने अपने संबोधन में युवाओं एवं महिलाओं में उद्यमशीलता की सोच विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवाचार, जोखिम लेने की क्षमता और निरंतर प्रयास के माध्यम से छोटे निवेश से भी बड़े उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र की महत्ता रेखांकित करते हुए कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं अभियांत्रिकी का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ अर्जित करना नहीं, बल्कि समाज की मूलभूत आवश्यकताओं का समाधान एवं जनकल्याण सुनिश्चित करना भी होना चाहिए।
उन्होंने विकसित भारत-2047 के संकल्प तथा ‘Make in India, Make for the World’ की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए खाद्य, ऊर्जा एवं जल सुरक्षा के परस्पर संबंधों को समझने तथा सतत विकास की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता बताई। जल पुनर्चक्रण, अपशिष्ट न्यूनीकरण, सर्कुलर इकोनॉमी, ई-वेस्ट से महत्वपूर्ण खनिजों की पुनर्प्राप्ति तथा प्लास्टिक अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में उभरती व्यावसायिक संभावनाओं पर भी उन्होंने प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को उपलब्ध तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग एवं नवाचार के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान विकसित कर उन्हें उद्यमों में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि Women in STEM केवल लैंगिक समानता का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र की वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमता को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित के क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता एवं नेतृत्व के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने Empower, Engage और Excel के तीन सूत्रों पर बल देते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, शोध संगठनों एवं सरकार के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर महिलाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने उत्तराखण्ड की बेटियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आपदा प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की एवं SETU आयोग के सहयोग से आयोजित यह कार्यशाला उत्तराखण्ड में Women in STEM विषय पर श्वेत पत्र तैयार करने तथा भविष्य की नीतियों को ठोस दिशा प्रदान करने की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जागरूकता, सकारात्मक सहभागिता एवं नशामुक्त भारत के संकल्प को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा ‘Nasha Mukt Bharat App Hackathon’ का औपचारिक शुभारम्भ भी किया गया। इस पहल के माध्यम से युवाओं की तकनीकी दक्षता एवं नवाचार क्षमता को नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से उपयोग करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत, तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा सहित सभी अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला में विभिन्न हितधारकों के विचारों एवं अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से STEM के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, शैक्षणिक एवं अनुसंधान संबंधी अवसरों का विस्तार करने तथा उत्तराखण्ड के लिए प्रभावी नीतिगत सुझाव विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण विमर्श हुआ। यह आयोजन राज्य में महिला सशक्तिकरण, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार एवं समावेशी तकनीकी विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।



