DehradunUttarakhand

जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के हों प्रयास-मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित कैम्प कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत जनपद टिहरी गढवाल की महिला लाभार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 10 महिला लाभार्थियों से संवाद कर उनके विचार भी जाने। सभी ने उन्हें मिली सुविधाओं के प्रति प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। सभी लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से वे स्वयं तो लाभान्वित हुई ही हैं औरों को भी स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने का भी कार्य कर रही है। इससे ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में समाज के हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई गई और उनका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य यही है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का पूरा लाभ मिले। सरकार की योजनाओं की व्यापक जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिये राज्य की सभी ग्राम पंचायतों तक विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी संबंधित विभागों द्वारा केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को आम जन तक पहुचाने के लिए शिविरों के आयोजन और व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। समाज के हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके, इसके लिए उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लाभ ले चुके लोगों को भी अन्य लोगों को इनकी जानकारी देने का आह्वाहन किया। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि विभिन्न पात्र लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके, इसके लिए योजनाओं के व्यापक प्रचार पर और अधिक ध्यान दिया जाय। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति द्वारा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाये जा रहे अनेक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। हमें उत्पादों की पैकेजिंग और मार्केटिंग की दिशा में और कार्य करने होंगे। महिला समूहों के लाभार्थियों से वर्चुअल माध्यम से संवाद के दौरान महिलाएं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से  बातचीत करने के लिए उत्साहित नजर आई। उन्होंने खुलकर मुख्यमंत्री से बात कर अपने समूहों के उत्पादन, समूह से जुड़ी महिलाओं, विक्रय, आय  आदि के बारे में जानकारी दी। आपसी संवाद के मध्य मुख्यमंत्री ने सभी महिला समूहों को बधाई एवं  शुभकामनाएं भी दी। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निरंतर समूहों की मॉनिटरिंग करने तथा उनके उत्पादन को आगे बढ़ाने हेतु उनसे सुझाव लेकर उन्हें आवश्यक  सहायता करने के भी निर्देश दिये।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button