धामी कैबिनेट में विभागों का बंटवारा, मुख्यमंत्री के पास अहम मंत्रालय

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता वाली मंत्रिपरिषद में विभागों का विस्तृत बंटवारा कर दिया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी अधिसूचना में मुख्यमंत्री सहित कुल 12 मंत्रियों को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नए बंटवारे को शासन-प्रशासन में तेजी, बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के पास सबसे ज्यादा और अहम विभाग
अधिसूचना के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पास कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली विभाग रखे हैं। इनमें कार्मिक, सतर्कता, सचिवालय प्रशासन, नियोजन, राज्य संपत्ति, सूचना, गृह, राजस्व, औद्योगिक विकास (खनन सहित), श्रम, पेयजल, ऊर्जा (वैकल्पिक ऊर्जा सहित), आबकारी, न्याय, नागरिक उड्डयन, वित्त, वाणिज्य कर, स्टाम्प एवं निबंधन और आवास जैसे विभाग शामिल हैं। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन विभागों का आवंटन किसी मंत्री को नहीं किया गया है, वे सीधे मुख्यमंत्री के पास ही रहेंगे।
इन मंत्रियों को मिली अहम जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, संस्कृति, धर्मस्व, पर्यटन, सिंचाई एवं लघु सिंचाई और सामान्य प्रशासन विभाग सौंपे गए हैं।
गणेश जोशी को कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि विपणन, उद्यान एवं कृषि प्रसंस्करण, रेशम विकास और सैनिक कल्याण विभाग दिए गए हैं।
डॉ. धन सिंह रावत को शिक्षा से जुड़े अहम विभाग—बेसिक, माध्यमिक, संस्कृत, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और सहकारिता की जिम्मेदारी मिली है।
सुबोध उनियाल को वन, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा और संसदीय कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं।
रेखा आर्या को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल और युवा कल्याण विभाग दिए गए हैं।
अन्य मंत्रियों का विभागीय बंटवारा
सौरभ बहुगुणा को पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल और कौशल विकास एवं सेवायोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण और भाषा विभाग दिए गए हैं।
भरत सिंह चौधरी को ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम (MSME) और खादी एवं ग्रामोद्योग की जिम्मेदारी मिली है।
मदन कौशिक को पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन और जनगणना विभाग सौंपे गए हैं।
प्रदीप बत्रा को परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन, विज्ञान प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी विभाग दिए गए हैं।
राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन और जलागम प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।



