DehradunUttarakhand

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया

देहरादून। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। बैठक में केंद्र पोषित कृषि योजनाओं में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन तथा नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग और कृषि उन्नति योजना की उत्तराखंड में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त 178 करोड़ रुपये के सापेक्ष 75 प्रतिशत से अधिक धनराशि व्यय किए जाने के फलस्वरूप भारत सरकार द्वारा द्वितीय किस्त जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शेष धनराशि 31 मार्च तक पूर्ण रूप से व्यय कर ली जाएगी। इसी प्रकार कृषि उन्नति योजना के तहत 58 करोड़ रुपये की प्रथम किस्त के सापेक्ष 75 प्रतिशत से अधिक व्यय किया जा चुका है तथा द्वितीय किस्त की मांग भेज दी गई है। दूसरी किस्त प्राप्त होने पर मार्च 2026 तक संपूर्ण धनराशि व्यय कर ली जाएगी।

कृषि मंत्री ने बताया कि डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन तथा नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का भी मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश में घेरबाड़ योजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा 90 करोड़ रुपये की धनराशि शीघ्र अवमुक्त किए जाने का अनुरोध किया। इस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आश्वस्त किया कि 90 करोड़ रुपये में से आंशिक धनराशि शीघ्र राज्य को उपलब्ध करा दी जाएगी।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि केंद्र पोषित योजनाओं के बजट का शत-प्रतिशत उपयोग पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जायेगा।

इस अवसर पर कृषि सचिव डा0 एसएन पांडेय, अपर सचिव आनंद श्रीवास्तव, कुलपति भरसार विश्वविद्यालय डॉ. परविंदर कौशल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button