DehradunUttarakhand

टॉम आल्टर की स्मृति में आयोजित अल्ट्रा मैराथन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को किया सम्मानित, बोले– मसूरी स्पोर्ट्स टूरिज्म के क्षेत्र में बना रहा नई पहचान

मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी में अभिनेता स्वर्गीय पद्मश्री टॉम आल्टर की स्मृति में आयोजित अल्ट्रा मैराथन 2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मैराथन के विभिन्न वर्गों के विजेताओं एवं उप-विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी की खूबसूरत वादियों में स्वास्थ्य, साहस और अनुशासन का यह अनूठा संगम बेहद प्रेरणादायक है। यह मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि फिटनेस, पर्यावरण जागरूकता और युवा ऊर्जा का उत्सव है। उन्होंने स्वर्गीय टॉम आल्टर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि टॉम आल्टर का मसूरी से गहरा नाता रहा है। उनकी स्मृति में आयोजित यह मैराथन उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्वीन ऑफ हिल्स के नाम से विख्यात मसूरी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और खुशनुमा वातावरण के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। अब मसूरी स्पोर्ट्स टूरिज्म के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है। ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। युवा धावकों का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि जीवन की दौड़ में वही आगे बढ़ते हैं, जो कठिनाइयों के बावजूद निरंतर प्रयास करते रहते हैं। इस मैराथन में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज हमारी बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं सामर्थ्य का परचम लहरा रही हैं। खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार खेल, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी पूरा सहयोग प्रदान करेगी।
उल्लेखनीय है कि अल्ट्रा मैराथन में 50 किमी, 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी की दौड़ में कुल 1045 से से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। इस मैराथन में युवा, महिला धावक और देश-विदेश से आए प्रतिभागी भी शामिल हुए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, स्वर्गीय टॉम आल्टर के बेटे जिमी आल्टर, मिसेज ग्लोब अनुराधा गर्ग, संदीप साहनी, मोहन पेटवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button