DehradunUttarakhand

सौंग बांध प्रभावितों के आंदोलन को राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस (NCP) का समर्थन, धरना स्थल पर पहुंचकर उठाई विस्थापितों के हक की आवाज

सौरभ आहूजा बोले – प्रभावित परिवारों को उनका अधिकार और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा

टिहरी गढ़वाल/देहरादून। सौंग बांध परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित ग्रामीणों की जायज मांगों के समर्थन में राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस (NCP), उत्तराखंड ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के उत्तराखंड प्रदेश समन्वयक सौरभ आहूजा ने आंदोलनरत ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उनकी मांगों को न्यायोचित बताते हुए सरकार एवं प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।

सौरभ आहूजा ने कहा कि सौंग बांध परियोजना प्रदेश के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना हो सकती है, लेकिन विकास की कीमत उन परिवारों को नहीं चुकानी चाहिए जिन्होंने अपनी जमीन, मकान, रोजगार और पुश्तैनी विरासत खोने का खतरा उठाया है। विकास तभी सार्थक है, जब उससे प्रभावित होने वाले प्रत्येक परिवार के अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति द्वारा लंबे समय से अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक प्रभावित परिवारों को उनकी अपेक्षा के अनुरूप न्याय नहीं मिला है। पूर्ण विस्थापित परिवारों को कृषि भूमि के बदले कृषि भूमि, आंशिक विस्थापित परिवारों को 200 वर्ग मीटर आवासीय भूखंड, उचित आर्थिक मुआवजा, रोजगार, पुनर्वास तथा प्रभावित परिवारों की तीसरी पीढ़ी को भी मुआवजे का लाभ देने जैसी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि प्रभावित परिवारों के मुआवजे की राशि बढ़ाने, सर्किल रेट में उचित संशोधन, सड़क, पुल, स्वास्थ्य केंद्र, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास, स्थानीय दुकानदारों और रोजगार से जुड़े परिवारों के पुनर्वास तथा ग्राम पंचायतों को आपस में जोड़ने के लिए पुलों एवं सड़कों का निर्माण जैसी मांगें भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

सौरभ आहूजा ने कहा: “राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस (NCP) प्रभावित ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी है। किसी भी परियोजना के नाम पर गरीब, किसान और ग्रामीण परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। सरकार की जिम्मेदारी है कि परियोजना से प्रभावित प्रत्येक परिवार को सम्मानजनक पुनर्वास, उचित मुआवजा, रोजगार और जीवनयापन के पर्याप्त साधन उपलब्ध कराए जाएं। केवल आश्वासन देने से प्रभावितों की समस्याएं समाप्त नहीं होंगी, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी होगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस इस आंदोलन को केवल ग्रामीणों का आंदोलन नहीं, बल्कि न्याय, अधिकार और सम्मान की लड़ाई मानती है। संगठन प्रभावित परिवारों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।

सौरभ आहूजा ने प्रदेश सरकार एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर मांग की कि सौंग बांध प्रभावितों की सभी 15 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रभावित परिवारों को अनिश्चितता में रखने के बजाय उनके पुनर्वास और भविष्य की स्पष्ट नीति लागू की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button