DehradunUttarakhand

राज खुलने के डर से पति की कर डाली हत्या

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मांडुवाला के जंगल में मिले शव के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। प्रेमनगर पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।
दरअसल, 3 अक्टूबर को मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई में एक युवक का शव मिलने की सूचना प्रेमनगर पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त 38 वर्षीय मदन मुखिया निवासी सहरसा, बिहार के रूप में की। मदन वर्तमान में मंडुवाला, झाझरा में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मजदूरों का सत्यापन किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मंडुवाला बाला सुंदरी मंदिर के पास से आरोपी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में लल्लन ने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पूछताछ के दौरान आरोपी लल्लन शर्मा ने बताया वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। मांडूवाला में सुनील टेलर के यहां किराए पर रहकर मजदूरी का काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लल्लन और मृतक की पत्नी के बीच पिछले करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। जिसकी जानकारी किसी को भी नहीं थी।

मोबाइल से खुला रिश्ते का राज
2 दिन पहले मांडूवाला में तिरुपति मंदिर में मजदूरी का काम करने के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल चेक किया। जिसमें उसे अपनी पत्नी और लल्लन के फोटो-वीडियो मिले। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी परिवार व अन्य लोगों को देने की धमकी दी।

शराब पिलाने के बहाने हत्या
पुलिस के मुताबिक, बदनामी और राज खुलने के डर से लल्लन ने मीना के साथ मिलकर मदन की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में ले गई। वहां मदन के नशे में होने के बाद दोनों ने धारदार चाकू से उसके गले पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया।एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button