DehradunUttarakhand

राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका अहम : ऋतु खण्डूडी भूषण

कोटद्वार । विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने शनिवार को कोटद्वार के देवी रोड स्थित स्क्वायर में आयोजित उत्तराखंड फार्मेसी सेवा संघ (एलोपैथिक), जनपद पौड़ी गढ़वाल के द्वितीय अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसमें फार्मासिस्टों का योगदान सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, इसलिए उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने आश्वासन दिया कि फार्मेसी से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन तक बेहतर और सुगमता से पहुंचें, और इसके लिए सभी संबंधित कर्मचारियों के हितों का संरक्षण आवश्यक है।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें—
1. चारधाम यात्रा के लिए स्वीकृत 63 फार्मासिस्ट पदों को शीघ्र क्रियाशील किया जाए।
2. वर्ष 2009 के बाद नियुक्त डिप्लोमा फार्मासिस्टों को 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर पूर्व की भांति वेतनमान (5400 ग्रेड पे) का लाभ दिया जाए।
3. जनपद में फार्मेसी संघ की गतिविधियों के संचालन हेतु फार्मेसी भवन निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की जाए।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने ज्ञापन पर सकारात्मक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त प्रताप सिंह पवार, जनपद अध्यक्ष पंचम सिंह रावत, अध्यक्ष सुधा कुकरेती, संजय नेगी, रुचिन महेश्वरी, डी.एस. नेगी एवं राजेश शाह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button