निराला धाम आश्रम में 35वां विराट महायज्ञ शुरू

हरिद्वार। दूधाधारी चौक स्थित निराला धाम आश्रम में नागेश्वर महादेव गद्दी का 35वां विराट शिव शक्ति महायज्ञ सोमवार को विधिविधान के साथ शुरू हो गया। शिव शक्ति महायज्ञ का समापन 9 फरवरी यानी मौनी अमावस्या के दिन होगा।
मीडिया को जानकारी देते हुए निराला धाम आश्रम की अध्यक्ष आशा भारती ने बताया कि वह ब्रह्मलीन ब्रह्मऋषि संत निराला स्वामी (लहरी बाबा) के आशीर्वाद से 40 दिन तक शिव गद्दी पर आसन ग्रहण करेंगी। जिसमें उनके द्वारा दैनिक पंच महायज्ञ का अटूट संकल्प लेने के साथ नियमित रूप से विप्र समाज द्वारा रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय जाप चलेगा। उन्होंने बताया कि भगवान शिव को मृत्युंजय भी कहते हैं। इनकी कृपा से मृत्यु के समीप पहुंचा व्यक्ति भी स्वस्थ होकर जीवित हो उठता है। मालूम हो कि 8 फरवरी को आश्रम में श्रद्धांजलि समारोह एवं संत समागम भी आयोजित होगा। जिसमें हरिद्वार के संत महापुरुष उपस्थित रहेंगे।