एसडीआरएफ ने कटापत्थर में यमुना नदी में बह रहे पांच युवकों का रेस्क्यू किया

विकासनगर। देहरादून के विकासनगर में यमुना नदी में फंसे 5 युवकों का एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया। पांचों युवक अपने दोपहिया वाहन से नदी किनारे मौज मस्ती करने गए थे। लेकिन नदी का बहाव बढ़ने से पांचों फंस गए। इस दौरान एसडीआरएफ ने पांचों युवकों को तो बचा लिया। लेकिन एक दोपहिया वाहन नदी के तेज बहाव में बह गया।
मामले के मुताबिक, 31 मई शाम को पुलिस चौकी डाकपत्थर द्वारा एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई कटापत्थर के पास दो वाहन नदी में बह रहे हैं जिसमें संभवतः कुछ व्यक्ति सवार हैं। सूचना मिलते ही पोस्ट डाकपत्थर से एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
जानकारी के मुताबिक, विकासनगर निवासी पांच युवक एक स्कूटी औस एक बाइक के साथ यमुना नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वे सभी नदी के तेज बहाव में बह गए। साथ ही उनकी स्कूटी और बाइक भी बह गई। एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर तत्परता एवं सूझबूझ के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद पांचों युवकों को सकुशल यमुना नदी से बाहर निकाला गया। विकासनगर कोतवाली के एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया की पांच युवकों को यमुना नदी से सकुशल बचा लिया गया है। युवकों की एक स्कूटी नदी के पानी में बह गई। जबकि बाइक को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।