DehradunUttarakhand

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो लोग गिरफ्तार

हरिद्वार । उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस को चोरी की दस बाइकें बरामद हुई है। हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पांच मार्च को शुभम कुमार पुत्र जहारू सिंह निवासी इमलीखेड़ा थाना पिरान कलियर ने पुलिस को तहरीर दी थी। अपनी तहरीर में शुभम कुमार ने बताया था कि उसकी मोटर साइकिल चार मार्च को महाराजा फर्नीचर ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से चोरी कर ली गई है। इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। साथ ही लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके बाद 9 मार्च को चेकिंग के दौरान नहर पटरी, रेगुलेटर पुल के पास से पुलिस टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोटर साइकिल महाराजा फर्नीचर ऊंचा पुल ज्वालापुर से चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुरानी कांवड़ पटरी के निकट खंडहर से चोरी की 8 मोटर साइकिलें व 2 स्कूटी बरामद की गई। दोनों ने ये वाहन हरिद्वार व देहरादून के विभिन्न स्थानों से चोरी किए थे। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी कम पढे लिखे है। आरोपी मोसिन राज मिस्त्री का काम करता है, जबकि गुल्सान ई रिक्शा का मेकेनिक है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी डीसीआरबी व अन्य माध्यमों से की जा रही है। इनके गिरोह में अन्य कितने लोग शामिल हैं और चोरी के वाहन कहां बेचते थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पूरे जनपद में घर घर जाकर बाहरी लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button